Tuesday, 3 December 2024

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2024: भारतीय कला, संस्कृति और अध्यात्म का दिव्य संगम!

उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र (NZCC) को गर्व है कि वह अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2024 का हिस्सा बन रहा है, जहाँ उत्तर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर जीवंत हो उठती है! विभिन्न राज्यों के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य, लोक कला और सांस्कृतिक प्रदर्शनों का आनंद लें, जो भारतीय संस्कृति की विविधता और सम्पन्नता को दर्शाते हैं।

NZCC क्षेत्रीय कलाकारों को एक मंच पर लाकर उनकी कला और परंपराओं को दुनिया भर में प्रस्तुत कर रहा है। आओ, गीता की भावना और भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव मनाने में हमारा साथ दें।

ब्रहमसरोवर के पावन तट पर भारतीय कला, संस्कृति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने का यह अवसर न छोड़ें!

Monday, 2 December 2024

पवित्र ग्रंथ गीता देता है जीवन में कर्म करने का संदेश: भारत भूषण भारती

सांध्यकालीन महाआरती में सीएम के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती व जयराम विद्यापीठ संस्थाओं के संचालक ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी ने की शिरकत, केडीबी ने मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता प्रत्येक मनुष्य को अपने जीवन में कर्म करने का संदेश देती है। इस ग्रंथ के प्रत्येक श्लोक को स्मरण करने से मन को अध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है। श्रीकृष्ण ने मोहग्रस्त अर्जुन को गीता का संदेश देते हुए कहा कि फल की चिंता छोड़कर केवल अपना कर्म कर, कर्म करने से ही तेरा उद्धार होगा। विश्व कल्याण के लिए सभी को पवित्र ग्रंथ गीता का अनुसरण करना होगा। इस ग्रंथ में संसार की तमाम समस्याओं का हल करने का मार्ग दिखाया गया है। इस ग्रंथ के एक-एक शब्द से शिक्षा और संस्कार ग्रहण किए जा सकते हैं।

इस कार्यक्रम के अंत में केडीबी की तरफ से सभी मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

सार्वजनिक सूचना

सभी विक्रेताओं और श्रद्धालुओं को सूचित किया जाता है कि महोत्सव क्षेत्र में नकली सामान और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। यह नियम निम्नलिखित कारणों से लागू किया गया है:

नियम लागू करने के कारण:

  1. श्रद्धालुओं और पर्यटकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना।
  2. महोत्सव की प्रामाणिकता और विश्वसनीयता बनाए रखना।
  3. गैर-कानूनी गतिविधियों को रोकना।

विक्रेताओं के लिए निर्देश:

  • केवल गुणवत्ता प्रमाणित उत्पाद और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थ बेचें।
  • खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करें।
  • नकली वस्त्र, गहने, या अन्य सामान की बिक्री से बचें।
  • अपनी दुकान पर बिलिंग और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज हमेशा उपलब्ध रखें।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अनुरोध:

  • नकली और घटिया सामान खरीदने से बचें।
  • खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता की जाँच करें।
  • किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नकली सामान की बिक्री की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।

उल्लंघन करने पर कार्रवाई:

  • सामान को जब्त कर लिया जाएगा।
  • संबंधित विक्रेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महोत्सव को स्वच्छ, सुरक्षित और सुखद बनाए रखने में सहयोग करें:

  • नकली और घटिया सामान न खरीदें।
  • खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करें।
  • किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड या संबंधित अधिकारियों को दें।

आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है।
– कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड

महोत्सव के स्टॉल नंबर 67 पर एलआईसी द्वारा दी जा रही है जीवन बीमा संबंधित जानकारियां

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान देशभर से आए विभिन्न प्रदेशों के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में, ब्रह्मसरोवर के तट पर स्थित स्टॉल नंबर 67 पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) द्वारा लोगों को जीवन बीमा योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की जा रही है।

एलआईसी के विकास अधिकारी रजत गर्ग ने बताया कि इस स्टॉल के माध्यम से महोत्सव में आए लोगों को जीवन बीमा और अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही, युवाओं को एलआईसी में कमीशन एजेंट के रूप में जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर मिल सकें और वे एलआईसी में एक सफल करियर बना सकें।

रजत गर्ग ने यह भी बताया कि 9 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पानीपत से एलआईसी द्वारा प्रायोजित “बीमा सखी योजना” का शुभारंभ करेंगे। यह योजना विशेष रूप से महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। उन्होंने बच्चों के लिए अमृतबाल बीमा योजना और जीवन अक्षय फोर योजना के बारे में भी जानकारी साझा की, जो लोगों के भविष्य को सुरक्षित और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मददगार हैं।

यह स्टॉल महोत्सव में आए आगंतुकों को एलआईसी की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर रहा है, ताकि वे इन योजनाओं को अपनाकर अपने और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बना सकें।

ब्रह्म सरोवर के आसपास के वेंडरों की समस्याओं का किया गया समाधान: सुभाष सुधा

पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर के आसपास वेंडरों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। इन सभी वेंडरों की समस्याओं का समाधान कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) के अधिकारियों के माध्यम से कर दिया गया है। वेंडरों को एक निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित किया जाएगा, जहां नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सुभाष सुधा सोमवार को केडीबी कार्यालय में अधिकारियों और वेंडरों के साथ आयोजित संयुक्त बैठक में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज सेतिया, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, प्राधिकरण के सदस्य सौरभ चौधरी, केडीबी सदस्य विजय नरूला, डॉ. एमके मोदगिल, डॉ. ऋषिपाल मथाना, कैप्टन परमजीत, अशोक रोशा, और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने ब्रह्मसरोवर के आसपास के वेंडरों से भी बातचीत की। दोनों पक्षों ने कुछ विषयों पर सहमति जताई, और अधिकारियों की बातों से वेंडर संतुष्ट दिखाई दिए। इसके बाद सुभाष सुधा ने वेंडरों को दिए जाने वाले नए स्थान का निरीक्षण भी किया।

सुभाष सुधा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव एक आमजन का महोत्सव है, जिसका कुरुक्षेत्र के वेंडर, व्यापारी और दुकानदार बेसब्री से इंतजार करते हैं। उनकी व्यावसायिक गतिविधियां इस महोत्सव से सीधे तौर पर जुड़ी होती हैं। इसलिए, इनकी समस्याओं का समाधान करना आवश्यक है। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2024 के मुख्य कार्यक्रम 5 दिसंबर से 11 दिसंबर तक आयोजित होंगे। इस दौरान व्यवस्था बनाए रखने और महोत्सव को सफल बनाने के लिए हर व्यक्ति का सहयोग महत्वपूर्ण होगा।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के मंच पर कला, संस्कृति और शिल्पकला से पवित्र ग्रंथ गीता का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचेगा: सुभाष सुधा

पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में राष्ट्रीय वॉल पेंटिंग उत्सव का शुभारंभ किया। इस उत्सव में 7 राज्यों के 350 युवा कलाकार धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में महाभारत थीम पर आधारित वॉल पेंटिंग बना रहे हैं।

सुभाष सुधा ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से 24 राज्यों की लोक संस्कृति, शिल्प कला और विभिन्न प्रदेशों की ललित कला से गीता का संदेश पूरे विश्व तक पहुंचेगा। हर वर्ष लाखों यात्री और पर्यटक इस महोत्सव में भाग लेते हैं, और इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोग कुरुक्षेत्र पहुंचे हैं। महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार और शिल्पकार शामिल हुए हैं।

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वॉल पेंटिंग उत्सव का शुभारंभ करते हुए सुभाष सुधा ने एनएच-44 पर वॉल पेंटिंग पर कूची चलाई और महाभारत थीम पर पेंटिंग की शुरुआत की।

इस महोत्सव में 7 राज्यों से 350 कलाकार भाग ले रहे हैं और महाभारत थीम पर पेंटिंग बना रहे हैं। विजेता कलाकारों को कुल 3 लाख रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इस मौके पर केडीबी सीईओ पंकज सेतिया, केडीबी सदस्य अशोक रोशा, कैप्टन परमजीत, विजय नरुला, डा. ऋषिपाल मथाना सहित अन्य सदस्यगण मौजूद थे।

पंजाबी भांगड़ा की रंगीन धुनें

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2024 में ब्रह्म सरोवर के तट पर पंजाबी भांगड़ा नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। पंजाबी संस्कृति के इस अद्भुत नृत्य में उत्साह, ऊर्जा और जोश का अद्वितीय संगम होता है। कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सजीव रूप से भांगड़ा की धुनों पर नृत्य करते हुए, इस नृत्य को जीवित रखे हुए हैं। यह नृत्य न केवल भारत में, बल्कि दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुका है।

इस महोत्सव का हिस्सा बनें और पंजाबी भांगड़ा के रंगीन पल और भक्ति-संस्कृति के इस अद्वितीय मिलन का अनुभव करें।